घनी आबादी में बने रेस्टोरेंट में आग, लपटें और धुआं निकलता देख मची भगदड़
अमीनाबाद के मौलवीगंज स्थित एक रेस्टोरेंट के किचन में रविवार दोपहर आग लग गई। लपटें और धुआं निकलता देख रेस्टोरेंट में भगदड़ मच गई।
देखते देखते आग ने पूरे किचन को चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना अग्निशमन विभाग व पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। इस बीच लोगों ने घरों के टूल्लू पंप चलाकर आग पर काबू पाया।
संकरी गलियाें के कारण हादसा स्थल तक दमकल की गाड़ियां नहीं पहुंच सकी। कारोबारी के मुताबिक, हादसे में दो लाख रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार दुबे के मुताबिक, मौलवीगंज में शहनवाज अली का अल बेक डॉट कॉम के नाम से रेस्टोरेंट है। दोपहर करीब 3.30 बजे छत पर बने किचन में अचानक आग लग गई।
चपेट में आने से किचन में रखा डी-फ्रीजर, ओवन व अन्य कीमती उपकरण जलकर राख हो गए। हादसे की सूचना फायर व पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई।
हादसे के वक्त रेस्टोरेंट में 20-25 लोग बैठे थे। जिनका ऑर्डर लगा था। आग लगते ही सभी ग्राहक रेस्टोरेंट से भाग निकले। वहीं, 15 कर्मचारी भी जान बचाकर बाहर निकल गए। आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
तंग गलियों ने रोका दमकल का रास्ता
सूचना पर हजरतगंज फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां रवाना की गईं। गाड़ियां अमीनाबाद के मौलवीगंज तक पहुंची, लेकिन हादसा स्थल पहुंचने के लिए उनके पास कोई रास्ता ही नहीं था। जो रास्ता था वह इतना तंग था कि उसमें दमकल की गाड़ियां नहीं जा सकती थीं। रेस्टोरेंट मालिक ने कर्मचारियों व पड़ोसियों की मदद से आग पर आधे घंटे में काबू पाया। अगर समय से काबू न पाया गया होता तो आग की चपेट में पूरा बाजार आ जाता। किचन में आधा दर्जन रसोई गैस के सिलेंडर रखे थे। थोड़ी देर होती तो सिलेंडर फट सकते थे।