नाका थाना क्षेत्र के दीप अवध होटल में आज सुबह तड़के तीन बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
आग के धुएं से वहां रुके यात्रियों का दम घुटने लगा। आग से बचने के लिए लोगों ने होटल की खिड़कियों को तोड़ा और किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर आए।
घटना में एक महिला समेत तीन लोगों के घायल होने की जानकारी प्राप्त हुई है। महिला दिल्ली निवासी वंदना (26) हैं जो अपने पति के साथ पासपोर्ट के सिलसिले में लखनऊ आई थीं।
पुलिस के मुताबिक आग पहले तल पर एक रूम के एसी से लगी, जिसने थोड़ी ही देर में पूरे तल को चपेट में लिया।
होटल में उस वक्त 47 कमरे बुक थे, जिनमें लगभग 84 लोग फंसे हुए थे। आग की सूचना पर मौके पर फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां हाईड्रोलिक प्लेटफॉर्म के साथ पहुंची।
जिन्होंने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। किसी अनहोनी से निपटने के लिए आठ एंबुलेंस भी बुला ली गई थीं।
आग की सूचना नाका थाना के इंस्पेक्टर विजय प्रकाश ने दी। वह उस वक्त गस्त पर थे जब उन्होंने होटल से आग की लपटों के साथ धुएं को निकलते देखा। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।