- संकरी गली में था गोदाम, पाइप जोड़कर पहुंचाया गया गोदाम तक
- अमीनाबाद स्थित अमेठी हाउस का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। अमीनाबाद स्थित अमेठी हाउस स्थित प्लास्टिक बोतल और फुटवियर गोदाम में रविवार रात करीब आठ बजे आग लग गई। धुआं निकलते देख लोग अपने घरों की तरफ भागने लगे। अगल-बगल की दुकान के मालिक भी हरकत में आ गए और जलने वाला सामान हटाने लगे। गोदाम मालिक की सूचना पर पहुंची अमीनाबाद, हजरतगंज व चौक फायर स्टेशन से आई तीन दमकलों ने एक घंटे में लपटों पर काबू पा लिया। हादसे में गाेदाम में रखा सारा माल राख हो गया।
अमेठी हाउश बिल्डिंग के मालिक मो. सलमान और मो. तलहा ने बताया कि सहारा फुटवियर एंड ट्रेडिंग कंपनी के नाम से दुकान है। उसी के पीछे हाल में गोदाम बना रखा है। इसमें चप्पलें और प्लास्टिक की बोतलें रखी थीं। एफएसओ चौक पुष्पेंद्र सिंह के मुताबिक, गोदाम संकरी गली में था। पाइप को जोड़कर गोदाम तक पहुंचाया गया और आग पर काबू पाया। देर होती तो आग विकराल रूप ले सकती थी। आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है।