गुडंबा इलाके में टेढ़ी पुलिया चौराहा व एमडी पैलेस के बीच टिनशेड के नीचे कपड़ों की दुकानों में शनिवार देर रात आग लग गई। थोड़ी ही देर में ऊंची लपटें उठने के साथ दर्जन भर दुकानें आग की चपेट में आ गईं।
दुकानों को जलते देख आसपास के लोग दौड़े। पुलिस व फायर स्टेशन फोन किया। दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले सभी दुकानों को जलते देख आक्रोशित नागरिकों ने लेटलतीफी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आग का विकराल रूप देखकर पांच गाड़ियां बुलाई गई। शॉर्टसर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। अग्निकांड की सूचना पर पहुंचे दुकानदारों ने लाखों का माल जलने की बात कही है।