शॉर्ट सर्किट के चलते शनिवार को अलग-अलग इलाकों में हुए अग्निकांड में दो दुकानें खाक हो गईं। घटना हजरतगंज व अमीनाबाद क्षेत्र में हुई।
हजरतगंज क्षेत्र स्थित डालीबाग कॉलोनी के पास शनिवार सुबह एक जनरल स्टोर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई।
दुकान से धुआं उठता देख लोगों ने इसकी सूचना फायर स्टेशन को दी। मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने पौन घंटे में आग पर काबू पा लिया।
आग की वजह से दुकान में रखा करीब बीस लाख का सामान जलकर नष्ट हो गया।
हजरतगंज इंस्पेक्टर अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि जॉपलिंग रोड निवासी अमृतलाल अरोड़ा मकान में ही प्रभूदयाल नाम से जनरल स्टोर की दुकान चलाते हैं।
शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अमृतलाल परिवार के साथ मकान की पहली मंजिल पर चाय पी रहे थे। इसी बीच एक राहगीर ने दुकान से धुआं निकलता देख इसकी सूचना दुकान मलिक व दमकलकर्मियों को दी।
सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा सारा सामान जल गया।
दुकान मालिक ने बताया कि दुकान में करीब 20 लाख रुपये का सामान था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरवीर सिंह के मुताबिक दुकान में शॉर्ट सर्किटकी वजह से आग लगी थी।
काले धुएं से घिर गया पूरा इलाका
नजीराबाद चौराहा स्थित सीमा वाच कंपनी के प्रथम तल पर कारखाने में सलमान समेत दो कारीगर घड़ियों की मरम्मत कर रहे थे।
उन्होंने बिजली के तारों के पास से धुआं उठते देख शोर मचाया। उन्होंने फायर स्टेशन फोन करने के साथ सामने बूथ पर बैठे पुलिसकर्मियों को जानकारी दी।
इस बीच पूरा इलाका काले धुएं से घिर गया। रबड़ व प्लास्टिक के जलने की गंध पूरे बाजार में फैल गई। ऊंची लपटें उठती देख आसपास के दुकानदार घबरा गए। इस बीच फायरब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची।
इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। आग का विकराल रूप देखते हुए चौक व हजरतगंज फायर स्टेशन से अन्य गाड़ियां बुलाई गईं।