लखनऊ। दुबग्गा के बसंतकुंज उपकेंद्र में आने वाले ललाबाग रमना गांव में बृहस्पतिवार देर रात बिजली के खंभे पर शॉर्ट सर्किट के कारण एबीसी केबल में आग लग गई। तारों के मकड़जाल में लगी आग एक घंटे तक धधकती रही। उधर, 100 से अधिक घरों की बिजली रात भर गुल रही।
स्थानीय निवासी राकेश सिंह और अंकित यादव का आरोप है कि रात 12 बजे एबीसी केबल में आग लगने की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई, लेकिन आधे घंटे से अधिक समय तक कोई नहीं पहुंचा। बाद में पुलिस और चौक फायर स्टेशन से पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।
घटना से 100 से अधिक घरों की बिजली ठप हो गई। भीषण गर्मी में लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ी। इससे बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हुई। अवर अभियंता अरशद अहमद का कहना है कि आग से करीब 20 मीटर एबीसी केबल जल गई थी। शुक्रवार सुबह मरम्मत कार्य पूरा कर करीब नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।