बीकेटी में रविवार देर रात मौर्यनगर स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, बीकेटी के मुस्लिमनगर, छठामील निवासी मुकेश कुमार गुप्ता की मौर्यनगर के पास हार्डवेयर की दुकान है। दुकान के निचले तल पर गोदाम है। रविवार देर रात करीब तीन बजे दुकान से धुआं व लपटें देख आसपास के लोगों ने पुलिस, फायर ब्रिगेड और दुकानदार को सूचना दी।
आग बढ़ती देख पुलिस ने जेसीबी बुलाकर दुकान का शटर दिया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने दुकान में रखे कार्बेट और गैस सिलेंडर को किसी तरह निकाला। गनीमत रही सिलेंडर नहीं फटे वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
करीब पांच घंटे की मशक्कत बाद दमकलकर्मियों ने सोमवार सुबह आठ बजे आग पर काबू पाया। आग से आस-पास की दुकानों की दीवारें व छत दरक गई।