मेट्रो के लिए कंट्रोल पैनल व इलेक्ट्रीफिकेशन का काम करने वाली निजी कंपनी गुलेरमेक के वृंदावन कालोनी स्थित स्टोर में रविवार की दोपहर आग लग गई, जिससेअफराततफरी मच गई। हादसे में कई करोड़ का कीमती सामान व उपकरण जल गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग से मची अफरा तफरी, छा गया धुंए का गुबार
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आग जैसे ही लगी स्टोर में मौजूद कर्मचारी घबरा गए। पहले तो वहां पर ही मौजूद कर्मचारियों ने बुझाने की कोशिश की मगर वह सफल नहीं हुए। उसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग से कंपनी का भारी नुकसान हुआ है।
अग्निशमन विभाग के क्षेत्रीय प्रभारी अधिकारी एसके यादव ने बताया कि एक बजकर पांच मिनट पर मेट्रो के लिए काम करने वाली गुलेरमेक कंपनी के स्टोर में आग लगने की सूचना मिली। आग काफी विकराल थी जिसे देखते हुए सरोजनी, गोमती नगर, पीजीआई और आलमबाग से और गाड़ियां बुलाई गईं।
आग से किसी कर्मचारी या किसी अन्य के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।