परसपुर (गोंडा)। थाना क्षेत्र के विशनपुर कला गांव में मंगलवार देररात संदिग्ध परिस्थितियों में लाइसेंसी बंदूक से चली गोली से एक युवक की मौके पर मौत हो गई।
घटना के बारे में प्रभारी निरीक्षक परसपुर शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि ग्राम विशुनपुरकला का मजरे रूपीपुरवा निवासी संतोष कुमार मिश्रा (40) पुत्र धनलाल मिश्रा दरवाजे पर बैठा था। वह निजी लाइसेंसी बंदूक लिए था, तभी अचानक उससे गोली चल गई। जिससे उसकी घटना स्थल पर मौत हो गयी। गोली चलते अफरा-तफरी मच गई। घटना की लिखित सूचना मृतक के पिता धनलाल मिश्रा ने थाने में दी है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर सीओ करनैलगंज मुन्ना उपाध्याय घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। साथ ही मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। हालांकि अभी तक घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। (संवाद)