लखनऊ। गुडंबा के कुर्सी रोड पर 23 नंबर चौराहा के पास मंगलवार रात फलों की दो दुकानों में आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब 45 मिनट में आग पर काबू पाया। पीड़ितों ने गुडंबा थाने में तहरीर देकर अज्ञात पर साजिश के तहत आग लगाने का आरोप लगाया है। इसमें लाखों का नुकसान होना बताया गया है।
इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सीतापुर निवासी आमीन आदिलनगर में किराये के मकान में रहते हैं। आमीन के अनुसार, 23 नंबर चौराहा के पास वह फल की दुकान लगाते हैं। मंगलवार रात करीब दो बजे उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। आग ने पड़ोस में फल की दुकान लगाने वाले जानकीपुरम सेक्टर-जे निवासी अशफाक की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में बिजली का कनेक्शन नहीं था।
उनका आरोप है कि किसी ने साजिश के तहत आग लगाई है। शादी का सीजन होने के कारण दुकान में सभी फल रखे हुए थे। इसमें लाखों का नुकसान हुआ है। इंस्पेक्टर गुडंबा ने बताया कि जांच की जा रही है।