ट्रक में लगी आग को बुझाते कर्मचारी।
सरोजनीनगर। सरोजनीनगर में बुधवार को सैमसंग वेयरहाउस के अंदर खड़े फ्रिज लदे ट्रक में संदिग्ध हालात में आग लग गई। अग्निशामक यंत्र से आग को बुझा दिया गया। हालांकि, ट्रक के केबिन का काफी हिस्सा जल गया।
नोएडा निवासी राम सजीवन का ट्रक एटा के रसूलपुर गड़ौली निवासी चालक कन्हैयालाल चलाते हैं। बुधवार दोपहर कन्हैयालाल सैमसंग के 78 फ्रिज लेकर सरोजनीनगर के नादरगंज स्थित सैमसंग वेयरहाउस पहुंचे और ट्रक अंदर खड़ा कर होटल में खाना खाने चले गए। ट्रक से मजदूर फ्रिज उतारने लगे। करीब छह फ्रिज उतारने बाकी थे, तभी इंजन से धुआं उठने लगा। मजदूरों ने वेयरहाउस के अंदर लगे अग्निशामक यंत्र से आग बुझा दी। सरोजनीनगर फायर स्टेशन से दमकल गाड़ी भी पहुंच गई। सरोजनीनगर एफएसओ सुमित सिंह ने बताया कि आग कैसे लगी, यह कारण स्पष्ट नहीं है। बताया जाता है कि चालक ट्रक में लगी चाबी ऑन स्थिति में छोड़कर चला गया था।