सरोजनीनगर। दरोगाखेड़ा स्थित पार्थ रिपब्लिक अपार्टमेंट के पास सराफा कारोबारी अजय रस्तोगी के तीन मंजिला मकान में बुधवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे आग लग गई। आग तीसरी मंजिल पर बने किचन से शुरू हुई। दूसरी मंजिल पर सो रहा कारोबारी का पूरा परिवार फंस गया।
घबराहट में जान बचाने के लिए उनकी नौकरानी तन्नू दूसरी मंजिल से बगल के प्लॉट में पड़े कूड़े के ढेर पर कूदकर घायल हो गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना में करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।
सीएफओ अंकुश मित्तल के अनुसार, कारोबारी के मकान में बेसमेंट है। भूतल पर उनका दफ्तर है। पहले मंजिल पर सैलून है। दूसरे मंजिल पर कारोबारी परिवार के साथ रहते हैं। तीसरी मंजिल पर किचन बना हुआ है। रात करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच किचन में आग लग गई जो देखते ही देखते विकराल हो गई। घटना के वक्त कारोबारी का पूरा परिवार दूसरे तल पर बने कमरों में सो रहा था।
सीसीटीवी कैमरे से देखा तो आग का पता चला
कारोबारी अजय के अनुसार लपटें देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो उनकी आंखें खुल गईं। उन्होंने सीसीटीवी कैमरा देखा तो तीसरी मंजिल पर बने किचन में भीषण आग दिखी। उन्होंने पूरे परिवार को जगाया और एक जगह एकत्र किया। मदद के लिए पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया।
तन्नू के पैर में आई चोट
आगे से बचने की हड़बड़ाहट में अजय की नौकरानी तन्नू (20) दूसरी मंजिल से चादर के सहारे उतरने की कोशिश करने लगीं पर वह नाकाम रहीं। फिर वह डर से कूद गईं। दूसरी मंजिल से गिरने की वजह से उन्हें पैर में चोट लगी। सरोजनीनगर पुलिस ने घायल तन्नू को अस्पताल पहुंचाया।
मदद के लिए चिल्ला रहे थे फंसे हुए लोग
एफएसओ सरोजनीनगर धर्मपाल सिंह दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। आलमबाग फायर स्टेशन से भी दमकल की एक गाड़ी और हाइड्रोलिक मशीन को बुलाई गई। एफएसओ ने बताया कि दूसरे तल पर फंसे लोग अंदर से मदद के लिए चिल्ला रहे थे और काफी घबराए हुए थे। उन्हें फौरन खिड़की के पास आकर सांस लेने की सलाह दी गई। इसके बाद सीढ़ी लगाकर करीब 20 मिनट में अजय, उनकी पत्नी अनीता, बेटे विनायक, बेटी शीतल और छह वर्षीय नातिन विरानिका को दमकल कर्मियों ने सकुशल बाहर निकाला।
पालतू कुत्ते को भी बचाया
परिवार को सुरक्षित निकालने के बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। तभी पता चला कि कारोबारी का पालतू कुत्ता कमरे में फंसा है। एक यूनिट को श्वसन यंत्र (बीए सेट) पहनाकर ऊपर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर कुत्ते को भी बचाया।
शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
एफएसओ सरोजनीनगर धर्मपाल का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। कारोबारी का कहना है कि आग से एक करोड़ रुपये का सामान और घर में लगी लिफ्ट जल गई।
सराफा कारोबारी के घर में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। - फोटो : संवाद
सराफा कारोबारी के घर में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। - फोटो : संवाद
सराफा कारोबारी के घर में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। - फोटो : संवाद
सराफा कारोबारी के घर में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। - फोटो : संवाद