घर से निकलतीं आग की लपटें और आग बुझाते लोग।
तेलीबाग। पीजीआई क्षेत्र के एल्डिको उद्यान-2 में रविवार रात कारोबारी विजय प्रताप सिंह के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में मकान की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। कारोबारी के मुताबिक, करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
विजय प्रताप सिंह परिवार के साथ मकान में रहते हैं। रविवार रात करीब 11 बजे वह मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ तेलीबाग में अपने भाई के घर गए थे। कुछ देर बाद पड़ोसियों ने मकान के भूतल से आग की लपटें और धुआं उठते देखा। उन्होंने विजय प्रताप, पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन लपटें पहली मंजिल तक पहुंच गईं।
सूचना पर एफएसओ माम चंद बडगूजर दमकल की दो गाड़ियों और टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक घर का सामान जल चुका था। एफएसओ माम चंद बडगूजर के मुताबिक, आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घर से निकलतीं आग की लपटें और आग बुझाते लोग।