तेलीबाग। पीजीआई के साउथ सिटी सेक्टर-ए स्थित शाइन सिटी घोटाले से जुड़े एक सील मकान में शुक्रवार सुबह आग लग गई। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मकान संख्या 105 में शाइन सिटी घोटाले से जुड़ा कार्यालय था। करीब एक साल पहले आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने इसे सील कर दिया था। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे मकान से आग की लपटें और धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना पर पीजीआई के एफएसओ माम चंद बडगूजर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू कराया। इंस्पेक्टर सुनील सिंह के मुताबिक, मकान की बिजली एक साल से बंद है। ऐसे में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।