लखनऊ। पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ के वरिष्ठ अधीक्षक (पालिसी) ने मोहनलालगंज के गौरा गांव निवासी महफूज अली पर कूटरचित दस्तावेज के जरिये दो पासपोर्ट बनवाने का आरोप लगाया है। गोमतीनगर स्थित पासपोर्ट कार्यालय की जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद मोहनलालगंज पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
वरिष्ठ अधीक्षक के मुताबिक, जांच में पता चला कि महफूज ने आधार कार्ड, वोटर कार्ड समेत अन्य दस्तावेज में हेरफेर कर पिता, मां और पत्नी के नाम, जन्मतिथि और पते में बदलाव कराया। इसके बाद अलग-अलग विवरण के आधार पर एक से अधिक पासपोर्ट बनवाए। रिकॉर्ड के मुताबिक, महफूज का पहला पासपोर्ट 30 अप्रैल 2002 को जारी हुआ था, जिसकी वैधता 29 अप्रैल 2012 तक थी। इसमें जन्मतिथि दो मई 1980, पिता का नाम मुनावार अली, मां का नाम कालीमुन निसा और पता थुलेड़ी, रायबरेली दर्ज था।
दूसरा पासपोर्ट चार सितंबर 2023 को जारी हुआ, जिसकी वैधता तीन सितंबर 2033 तक है। इसमें जन्मतिथि तीन अगस्त 1982, पिता का नाम मुनौवर अली, मां का नाम कलीमुन, पत्नी का नाम शबीना और पता गौरा, मोहनलालगंज दर्ज है।
वरिष्ठ अधीक्षक ने बताया कि जांच और पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया जारी है। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिए नोटिस दिया जाएगा। साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।