लखनऊ। मड़ियांव के श्रीनगर इलाके में चार वर्षीय मासूम अहम की हत्या के मामले में नया मोड़ आया है। अहम के पिता दिनेश ने अपनी पत्नी पूनम और उसके प्रेमी प्रशांत उर्फ गौरव के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि पूनम ने प्रेमी के साथ मिलकर अहम की हत्या की है। पुलिस प्रशांत और पूनम को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
उन्नाव के बीघापुर स्थित कटरा दीवानखेड़ा निवासी दिनेश कुमार के अनुसार, पूनम पांच माह पहले छोटे बेटे अहम को अपने साथ ले गई थी। शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे पूनम ने उन्हें अहम की मौत की सूचना दी। उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर बेटे के शव पर चोट के निशान देखे। पूनम के साथ उसका प्रेमी प्रशांत भी रहता था। प्रशांत अयोध्या के गोसाईंगंज स्थित पहाड़पुर सरैया का रहने वाला है। आरोप है कि प्रशांत और पूनम ने अहम की जमकर पिटाई की, जिससे उसकी जान चली गई।
इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को अहम घर बाथरूम में मरणासन्न मिला था। प्रशांत ने फोन कर पूनम को इसकी जानकारी दी थी। पूनम बेटे को लोहिया अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अहम के पूरे शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। मौत का कारण शॉक एंड हेमरेज बताया गया है। पूनम ने बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थी।
अहम का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार, मां को देख भड़के लोग
चार वर्षीय अहम के शव का रविवार को पैतृक गांव दीवानखेड़ा में गढ़ेवा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, बेटे के अंतिम संस्कार के लिए पूनम भी दीवानखेड़ा पहुंची। उसे देख लोग उग्र हो गए। पुलिस ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। कटरा दीवानखेड़ा निवासी दिनेश के अनुसार, पूनम दिसंबर 2025 में तीन बच्चों को छोड़कर अपनी बहन के पास लखनऊ चली गई थी। वह मड़ियांव के नौबस्ता श्रीनगर में किराये के मकान में रहकर घरों में चौका बर्तन व खाना बनाने लगी। उसने उन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। फरवरी 2026 में पूनम ने बीघापुर थाने में बच्चों को साथ ले जाने का प्रार्थनापत्र दिया। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद छोटे बेटे अहम को पूनम को सौंप दिया था। (संवाद)
अहम की मौत बिलखती मां पूनम व अहम के साथ पूनम की तस्वीर।