ई रिक्शा चालक ने की युवती से छेड़खानी, विरोध पर पीटा
लखनऊ। गुडंबा इलाके में सोमवार को ई रिक्शा चालक ने नशे की हालत में युवती से छेड़खानी की। विरोध पर चालक ने ई रिक्शा की रफ्तार बढ़ा दी और युवती का मुंह दबाने की कोशिश की। खतरे को भांपते हुए युवती ने चलते ई रिक्शा से छलांग लगा दी। उसे हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आरोपी चालक ने ई रिक्शा रोककर युवती की पिटाई भी की। राहगीरों को देख वह भाग गया। पुलिस ने घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचित किया।
आजमगढ़ निवासी युवती अपने मामा के घर हुसैनगंज आई हुई थी। सोमवार को वह बर्लिंग्टन से टेढ़ी पुलिया जा रही थी। युवती के अनुसार जब टेढ़ी पुलिया पर उतरने के लिए कहा तो चालक ने रोकने से इन्कार कर दिया और आपत्तिजनक हरकतें करने लगा था।
घटना की जानकारी मिलते ही गुडंबा पुलिस सक्रिय हुई। इंस्पेक्टर प्रभातेश श्रीवास्तव के मुताबिक, एफआईआर दर्ज कर आरोपी की पहचान के लिए फुटेज खंगाली जा रही हैं।