एसयूवी मालिक पर एफआईआर, एक शव की हुई शिनाख्त
लखनऊ। हसनगंज में नदवा कॉलेज रोड पर मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे के मामले में एसयूवी मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस अभी तक आरोपी चालक को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
इंस्पेक्टर डीके सिंह के मुताबिक बुधवार देर रात एक शव की पहचान नेपाल के रूपनदेई निवासी विजय बहादुर थापा के रूप में की गई। दूसरे शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। विजय के मामा को सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी हुई थी। वह मामले का पता लगाने के लिए हसनगंज थाने पहुंचे, इसके बाद शव की शिनाख्त की।
पुलिस ने विजय के मामा की तहरीर पर एसयूवी के मालिक अमीनाबाद निवासी मो. इकबाल के खिलाफ केस दर्ज किया है। विजय शादी समारोह में खाना बनाने का काम करते थे। इंस्पेक्टर का कहना है कि मंगलवार रात में सभी खाना बनाकर लौट रहे थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ। उल्लेखनीय है कि मंगलवार देर रात में तेज रफ्तार एसयूवी ने डिवाइडर पर सो रहे चार लोगों को रौंद दिया था। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे। हादसे के बाद चालक मौके पर वाहन छोड़कर भाग निकला था।