नगराम। अकरहदू स्थित कुंती इंडेन गैस एजेंसी पर नियमितता कर गैस सिलिंडरों की काला बाजारी के मामले में आपूर्ति निरीक्षक गोसाईंगंज अर्पिता उपाध्याय की तहरीर पर सोमवार देर रात एजेंसी मालिक सुनीता यादव, गोदाम इंचार्ज विष्णु शर्मा व मैनेजर पवन कुमार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसओ नगराम ने बताया कि मामले की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह को सौंपी गई है।
बताते चलें कि सोमवार को एसडीएम मोहनलालगंज पवन पटेल के साथ जिला आपूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह व क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रविंद्र कुमार, इंडेन गैस के क्षेत्रीय अधिकारी बाबूलाल, आपूर्ति निरीक्षक अर्पिता उपाध्याय ने गैस एजेंसी कार्यालय पहुंच कर वहां 167 सिलिंडरों की काला बाजारी पकड़ी थी। मामले के विवेचक उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह ने बताया कि एजेंसी पर जाकर मैनेजर पवन कुमार का बयान दर्ज किया गया। उनका बयान है कि वह सोमवार को अवकाश पर थे। अब एजेंसी मालिक व गोदाम इंचार्ज को नोटिस भेजा जा रहा है।