- डॉ. कन्हैयालाल वाधवानी की मौत का मामला
- बेटी ने मां और भाई पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसीलखनऊ। बीबीडी इलाके में सनब्रिज अपार्टमेंट में रहने वाले डॉ. कन्हैयालाल वाधवानी की मौत के मामले में उनकी पत्नी डॉ. कुलविंदर कौर वाधवानी और बेटे डॉ. पुनीत वाधवानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बेटी का आरोप है कि प्रताड़ना से परेशान होकर कन्हैयालाल ने आत्महत्या की थी।
गोमतीनगर के विशालखंड में रहने वाली कन्हैयालाल की बेटी डॉ. शिवांजली ग्रोवर के मुताबिक, पिता करीब सुबह करीब दस बजे तक उसके घर आ जाते थे। शुक्रवार को पिता के नहीं आने पर फोन मिलाया। कॉल रिसीव नहीं होने पर सनब्रिज अपार्टमेंट में रहने वाले परिचित को खैरियत लेने भेजा तो खुदकुशी का पता चला।
सूचना पर डॉ. शिवांजली पति के साथ तत्काल अपार्टमेंट पहुंचीं। उनके मुताबिक, कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। पुलिस के साथ सोसाइटी के लोग भी मौजूद थे। पूछताछ में पता चला कि कन्हैयालाल का शव फंदे से लटकता हुआ मिला है। कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। शिवांजली के मुताबिक, सुसाइड नोट में पिता ने पत्नी कुलविंदर और बेटे पुनीत पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था।
अक्तूबर में हुआ था चाकू से हमला
डॉ. शिवांजली ग्रोवर के मुताबिक, मां और भाई काफी वक्त से पिता कन्हैयालाल को परेशान कर रहे थे। मई 2022 में पिता ने पुलिस में शिकायत की थी, पर कार्रवाई नहीं हुई। पांच अक्तूबर 2022 को कुलविंदर के उकसाने पर पुनीत ने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। इलाज के बाद कन्हैयालाल ने आठ अक्तूबर को गोमतीनगर कोतवाली में केस दर्ज करा दिया। इसके बाद से ही मां व भाई लगातार पिता को परेशान करने लगे। आजिज आकर कन्हैयालाल सनब्रिज अपार्टमेंट के फ्लैट में आकर रहने लगे थे। इसके बाद भी उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था। एडीसीपी पूर्वी सै. अली अब्बास ने बताया कि बेटी ने मां-भाई पर आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज कराई है।