लखनऊ विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस के होमी जहांगीर भाभा छात्रावास के मेस में घुसे कुछ अराजक युवकों ने कर्मचारियों से मारपीट की और तोड़फोड़ किया।
मामले में एडिशनल प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद अहमद ने जानकीपुरम थाने में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक जानकीपुरम छत्रपाल सिंह के मुताबिक, विश्वविद्यालय के एडिशनल प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद अहमद ने तहरीर दी।
इसमें आरोप लगाया कि 18 अगस्त को परिसर स्थित होमी जहांगीर भाभा छात्रावास के मेस के अंदर तीन बाहरी युवक घुस आए थे। इनमें विनीत कुमार सिंह, प्रवीण गुप्ता व पीयूष मिश्रा है।
तीनों ने रात करीब 11.30 बजे मेस कर्मचारियों से मारपीट की और सामान को तोड़ दिया। कर्मचारियों को धमकाते हुए चले गए।
प्रो. अहमद के मुताबिक, जानकारी होने पर जब वह सहयोगी प्रो. राजकुमार के साथ पहुंचे तो तीन बाहरी लोग भागते हुए पकड़े गए थे। तीनों ने कर्मचारियों से रुपये को लेकर पुराना विवाद बताया।
न्यू कैंपस में मारपीट, आठ को नोटिस
लखनऊ विश्वविद्यालय न्यू कैंपस में 25 अगस्त को दोपहर में कैंटीन के पास आईएमएस के छात्रों में आपसी विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इसकी सूचना पर जब एडिशनल प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद अहमद मौके पर पहुंचे तो छात्र मौके से भाग निकला। इस पर एडिशनल प्रॉक्टर ने संबंधित छात्रों को नोटिस जारी कर तीन दिन में अपना पक्ष रखने को कहा है। ऐसा न करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ओल्ड कैंपस में शनिवार को परीक्षा के बाद मारपीट मामले में भी संबंधित छात्रों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। (माई सिटी रिपोर्टर)