आलमबाग। आशियाना के बंगला बाजार भदरुख में शनिवार सुबह हुई बुजुर्ग ओमप्रकाश (62) की मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को नौ लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज की है। चार नामजद आरोपियों को हिरासत में भी लिया गया है।
ओमप्रकाश अपनी पत्नी आशा रावत और दो बेटे रजनीश व ऋषि और विवाहित बेटी छाया के साथ रहते थे। उनके पड़ोस में सौतेली मां रमापति अपने तीन बेटों ललित मोहन, शिव मोहन और प्रेम मोहन के साथ रहती है। दोनों परिवारों के बीच घर के निकास को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था। 20 मई को भी रमापति के बेटों ने झगड़ा किया था। शनिवार सुबह ओमप्रकाश दवा लेने जा रहे थे, तभी रमापति और उसके बेटों ने गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की की। धक्का लगने से ओमप्रकाश गिर पड़े, उनकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में इंफेक्शन को मौत का कारण बताया गया है।
इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि आशा रावत की शिकायत पर रमापति, ममता, ललित, शिव मोहन, मनीष, सौरभ, महेश, विद्या व आलोक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने ममता, विद्या और सौरभ व ललित को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।