लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अंसल के खिलाफ 12.88 लाख रुपये की ठगी की एफआईआर दर्ज की गई है। कंपनी के अधिकारियों पर गोरखपुर के बशारतपुर अशोक नगर निवासी योगेंद्र नाथ उपाध्याय से जमीन के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप है। इसके साथ ही शहर भर के थानों में अंसल के खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या 284 हो गई है।
योगेंद्र के मुताबिक दिसंबर, 2012 में लखनऊ में जमीन खरीदने के सिलसिले में वह अंसल के दफ्तर पहुंचे और 12.88 लाख रुपये में बुकिंग कराई। 19 जनवरी 2013 में कंपनी की कर्मचारी प्रमिला सिंह को जमीन की पूरी कीमत दे दी। प्रमिला ने उन्हें एक वर्ष में कब्जा देने की बात कही। पीड़ित का आरोप है कि समय बीतने के बाद भी न तो उन्हें जमीन पर कब्जा मिला और न ही रजिस्ट्री हुई। आरोपी 12 वर्ष तक उन्हें टरकाते रहे। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक विवेचना चल रही है। साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई होगी।