हाल ही की सुपरहिट फिल्मों में शुमार हुई फिल्म तनु वेड्स मनु रिटर्न्स के लेखक हिंमाशु शर्मा लखनऊ के हैं। अब यूपी से जुड़े लोगों की एक और बड़ी खेप बॉलीवुड में आ रही है।
आने वाली फिल्म युवा में निर्देशक सहित फिल्म के कई चेहरे यूपी के हैं। ये चेहरे यकीनन ये विश्वास जगाते हैं कि यदि लगन हो तो यूपी के लड़के-लड़कियां भी कहीं भी पहुंच सकते हैं।
निर्भया रेप केस ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था। उसे न्याय दिलाने के लिए युवा सड़कों पर उतर आए थे।
उन्हीं दिनों में ग्रेटर नोएडा दादरी के मूल निवासी निर्देशक जसबीर एस भाटी ने तय किया कि ऐसी फिल्म बनानी है, जो इस हैवानियत के खिलाफ हो। भाटी इससे पहले टीवी सीरियल बनाते रहे हैं।
दो साल की कड़ी मेहनत के बाद भाटी अपनी फिल्म लेकर आ रहे हैं, युवा। फिल्म की कहानी का केंद्र दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश है। भाटी ने एनसीआर और यूपी के कुछ इलाकों में पूरी फिल्म शूट की है।
युवा 26 जून को रिलीज हो रही है। भाटी ने फिल्म के लिए ज्यादातर ऐसे चेहरे चुने हैं जो उत्तर भारत से है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब।
उल्लेखनीय है कि देश के इन राज्यों से महिलाओं के विरुद्ध अपराध की घटनाएं बीते बरसों में तेजी से सामने आई हैं। अभिनय के स्तर पर फिल्म के युवा भले ही बहुत जाने-पहचाने चेहरे नहीं हैं, मगर गुमनाम भी नहीं हैं। वे लगातार संघर्ष करते हुए जगह बना रहे हैं।