कबड्डी की पहचान वापस दिलाने और इसे लोकप्रिय बनाने का काम करेगी अवधी फिल्म ‘छल कबड्डी’, जिसकी शूटिंग सोमवार से शुरू हो रही है।
बख्शी का तालाब में फिल्म का भव्य सेट लगाया गया है। शूटिंग 22 फरवरी तक चलेगी।फिल्म के प्रोडक्शन से जुड़े विकास श्रीवास्तव ने बताया कि लखनऊ के अलावा आसपास के जिलों में भी शूटिंग होगी।
इसका कुल बजट दो करोड़ रुपए है। सोमवार को फिल्म के मुहूर्त का शॉट है, इसके बाद शूटिंग शुरू होगी, जो 45 दिनों तक चलेगी।
सरस फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले प्रोड्यूस हो रही इस फिल्म में 40 प्रतिशत कलाकार लखनऊ के हैं, बाकी मुम्बई से आए हैं।
मराठी फिल्मों के चर्चित निर्देशक करण वर्मा फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं। वहीं मुख्य भूमिका में भोजपुरी स्टार प्रिंस व ‘यारियां’ फिल्म में बेहतरीन अभिनय करने वाली कल्पना शाह हैं।
इसके अलावा राजकपूर साही उर्फ समीर व रमजान भी प्रमुख किरदारों में शामिल हैं। फिल्म से जुड़े सुरेश पटेल ने बताया कि कहानी दो गांवों की है।
जो तालाब के पानी को हासिल करने के लिए कबड्डी का मैच करते हैं। फिल्म में आइटम सॉन्ग है, जो अनारा गुप्ता पर फिल्माया जाएगा।