लखनऊ। आर्मी पब्लिक स्कूल एनआर के बच्चे क्लास खत्म करने के बाद सभागार में पहुंच चुके थे, कुछ उत्साहित थे, कुछ बेसब्र…, क्योंकि कुछ ही देर में उनके बीच पहुंचने वाले थे हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता विक्की कौशल। बच्चे तो बच्चे, लगा कि अभिनेता खुद भी उनसे मिलने, संवाद करने को बेताब थे। सभागार में पहुंचते ही बच्चों का अभिवादन स्वीकारा भी और किया भी।
1971 के भारत-पाक युद्ध के नायक फील्ड मार्शल सैम मॉनेकशॉ पर एक दिसंबर से सिनेमाघरों में रिलीज हो रही फिल्म सैम बहादुर के प्रचार की लखनऊ में शुरुआत विक्की कौशल ने छावनी से की। सैम मानेकशॉ पर बात शुरु हुई तो उन्होंने बच्चों से रूबरू होते हुए पूछा कि क्या कोई बता सकता है कि सैम सर ने 1971 तक कितने युद्ध लड़े थे, एक स्टूडेंट का जवाब आया पांच। धीरे-धीरे बच्चे खुले और विक्की सवाल पूछते गए, बच्चे जवाब देते गए। अंत में अनुशासन में बंधे बच्चों की ख्वाहिश को मानो विक्की ने भांप लिया हो और सेल्फी लेने के लिए आमंत्रित किया। बच्चे नहीं हिले तो स्कूल प्रबंधन से आग्रह किया कि इन्हें फोटो के लिए आगे आने दिया जाए, फिर तो जोश हाई हो गया, बच्चों के साथ अभिनेता का भी। इस दौरान एपीएस एनआर का स्टाफ, ब्रिगेडियर जी. प्रवीण समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जो सबसे बड़ी जर्सी हो…, वो दे दीजिए
सैनिक स्कूल से कारवां निकला तो बास्केटबाॅल खेल रहे जवानों के बीच जाकर रुका। नीली-पीली जर्सी में जवानों से परिचय करने के बाद बॉल लेकर हाथ आजमाया। एक जवान ने जर्सी ऑफर की, अभिनेता ने आवाज लगाई, जो सबसे बड़ी जर्सी हो ले आइए। पीली जर्सी में उन्होंने करीब 15 मिनट तक बास्केटबाॅल खेला और भारत माता की जय के साथ जोश भरते हुए वहां से विदा ली।
अगला पड़ाव गोरखा रेजीमेंट
फौजियों के साथ फौजियों वाला खाना खाने के बाद उन्हें कैंट से निकलना था, पर सैम मानेकशॉ के दिल के करीब गोरखा रेजीमेंट जाने से विक्की इनकार नहीं कर सके। छावनी में उनका अंतिम पड़ाव गोरखा रेजीमेंट था, जहां उन्होंने जवानों संग खुखरी डांस भी किया।
सैम सर की बेटी ने रोते हुए कहा-तुमने तो उन्हें पूरा कॉपी कर लिया
लखनऊ शहर में विक्की और उनकी टीम का अंतिम पड़ाव प्रेस वार्ता थी। मीडिया से रूबरू हुए। कहा-बहुत नर्वस था, जब सैम सर के साथ फिल्म देखनी थी। फिल्म देखकर परिवार ने कहा कि तुमने उन्हें कॉपी कर लिया। उनकी बेटी रोने लगी थीं, तब मुझे लगा कि उनके किरदार को जीने की मेरी कोशिश सफल हो गई।
कल छुट्टी ली है, वर्ल्ड कप का फाइनल देखूंगा
विश्व कप का फाइनल है, ऐसे में हमने रविवार की छुट्टी ली है, हम लोग मैच देंखेंगे। जहां तक सवाल खिलाड़ियों की बायोपिक करने की बात है तो 12 के 12 खिलाड़ी कमाल हैं, जिनकी बायोपिक पर काम करने का मौका मिलेगा तो करूंगा।