उत्तर प्रदेश के 27 जिलों के 195 ब्लॉक में रविवार से फाइलेरिया नियंत्रण अभियान शुरू हो गया है। यह अभियान 28 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों को मिलाकर बनाई गई टीम घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाएगी।
प्रदेश में सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के तहत शुरू किया गया। सभी जिलों में मुख्य चिकित्साधिकारियों द्वारा दवा लेकर टीमें रवाना की गईं। आमतौर पर इस बीमारी का असर होने पर तत्काल लक्षण नहीं दिखते हैं, बल्कि 10-15 साल बाद दिखाई देते हैं। पांच साल तक लगातार दवा खाकर इसका असर खत्म किया जा सकता है। इसकी दवा सालभर में सिर्फ एक बार खानी होती है।
एमडीए अभियान औरैया, बहराइच, बलरामपुर, बस्ती, चंदौली, देवरिया, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कौशाम्बी, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, महाराजगंज, मिर्जापुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, श्रावस्ती, रायबरेली और सुल्तानपुर में चलेगा।
इसके लिए 35483 औषधि प्रशासक (डीए) और 7096 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। 195 ब्लॉकों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सूचना एवं संचार तकनीक सामग्री भेज दी गई है।