गुर्दा रोगियों को लंबे जीवन के लिए इलाज के साथ ही अच्छे खान-पान की जरूरत भी होती है। खाना-पीना कम कर देने के कारण मरीज कुपोषण का शिकार हो जाता है।
जिससे उसे अन्य बीमरियां भी घेर लेती हैं। इसलिए जरूरी है कि गुर्दा रोगी कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन युक्त भोजन ज्यादा लें।
संजय गांधी पीजीआई में रविवार को आयोजित सोसाइटी ऑफ रीनल न्यूट्रिशन एंड मेटाबोलिज्म के अधिवेशन में सर गंगाराम अस्पताल दिल्ली के न्यूट्रीशनिस्ट डॉ. एके भल्ला ने ये जानकारी दी। वो इस सोसाइटी के अध्यक्ष भी हैं।
डॉ. एके भल्ला ने बताया कि अधिकतर मरीज अपने आप खाना-पीना कम कर देते हैं। इससे उन्हें कमजोरी आ जाती है। इसी कारण गुर्दे की बीमारी के 50 फीसदी मरीजों की मौत का कारण कुपोषण बनता है।
उन्होंने बताया कि किडनी के मरीजों को 60 फीसदी कार्बोहाइड्रेट, 30 फीसदी प्रोटीन व 10 से 20 फीसदी फैट लेना चाहिए। अधिक प्रोटीन युक्त आहार ही नहीं लेना चाहिए।