केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा
- फोटो : संवाद
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। प्रदेश की स्थिति के बारे में जानकारी दी। किसानों की समस्या को देखते हुए यूरिया सहित अन्य खाद अतिरिक्त मात्रा में उपलब्ध कराने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया है कि प्रदेश के किसानों को उनके द्वारा बोई गई फसल संस्तुति के अनुसार निरंतर खादों की आपूर्ति कराई जाएगी। कृषि मंत्री ने बताया कि एक से 20 अगस्त तक भारत सरकार द्वारा प्रदेश के लिए 204 रैक यूरिया भेजी गई है, जिसमें 190 रैक पहुंच गई है। 14 रैक तीन दिन में पहुंच जाएगी। इसके अलावा 21 अगस्त को यूरिया की 11 अतिरिक्त रैक रवाना की गई है। 22 अगस्त को 15 रैक रवाना हुई है, जो फिरोजाबाद, इटावा, बाराबंकी, गोंडा, एटा, बदायूं, अयोध्या, बस्ती, रामपुर, फतेहपुर, कानपुर, मैनपुरी, आजमगढ़, वाराणसी एवं मऊ जिले में तीन दिन में पहुंच जाएगी।
कृषि विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश में कुल 5.95 लाख मीट्रिक टन यूरिया मौजूद है। 3.91 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 3.01 लाख मीट्रिक टन एनपीके की उपलब्धता है। विभाग के मुताबिक प्रदेश में 266.50 रुपये से अधिक मूल्य पर यूरिया बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सीमावर्ती जिलों में कालाबाजारी और तस्करी रोकने के लिए चौकसी बढ़ा दी गई है।