रायबरेली-जगतपुर। ब्लॉक क्षेत्र में जिंगना से दौलतपुर संपर्क मार्ग के दिन बहुत जल्द बहुरेंगे। कई सालों से बदहाल सड़क को ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने फुल डेप्थ रिक्लिेमेशन (एफडीआर) तकनीकी से बनाने का काम शुरू करा दिया है। हाईवे की तर्ज पर सड़क बनने से प्रतिदिन 10 हजार से ज्यादा लोग फर्राटा भर सकेंगे। छह किलोमीटर सड़क को बनाने में करीब चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
रायबरेली-प्रयागराज हाईवे पर जिंगना से निकला मार्ग सलोन-जगतपुर राजमार्ग को दौलतपुर गांव के पास जोड़ता है। छह किमी. इस मार्ग की दशा पिछले 15 साल से खराब है। इस मार्ग से पूरे गौतमन, पूरे देबऊ, रोझइया भीखमशाह, पूरे मति सिंह, सेमान सिंह का पुरवा, पूरे हनुमान, रामगढ़ टिकरिया, पटनहिया, तिवारीपुर, अपटा, बंजरिया, रायपुर आदि गांवों के लोग आवागमन हैं।
एक साल पहले यह मार्ग ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को हैंडओवर किया गया। एफडीआर पद्धति से मार्ग को सही करने के लिए अत्याधुनिक मशीन का प्रयोग होगा, जो पुराने सामग्रियों के साथ छोटे व बड़े बोल्डर को मिक्स करेगा। मशीन से इसकी पेस्टिंग की जाएगी। इस तरह सड़क की पूरी सतह तैयार होगी। इसके बाद पिच कार्य होगा। पिछले कई वर्षों से सड़क की मरम्मत की मांग चल रही थी, लेकिन एफडीआर तकनीक से कराने के लिए यहां के ठेकेदारों के पास इस तरह की मशीन नहीं होने के चलते विलंब हुआ।
आजादी के बाद पक्की सड़क से जुड़ेंगे गांव
जगतपुर (रायबरेली)। जिला पंचायत सदस्य राकेश सिंह राना ने बताया कि ब्लॉक में जिंगना से रामगढ़ टिकरिया तक करीब 15 साल पहले पक्की सड़क बनी थी। उसके आगे तिवारीपुर से दौलतपुर तक कच्चा रास्ता था। इस मामले को कई बार उठाया गया। सांसद सोनिया गांधी के प्रयास से आजादी के बाद यह गांव पक्की सड़क से जुड़ने जा रहा है। सोनू सिंह, प्रकाश सिंह, राजन त्रिवेदी, बबलू चौधरी, शिवदीन पासी, विजय करन सिंह ने बताया कि पक्की सड़क बनने से लोगों की राह आसान होगी।
छह महीने का लगेगा समय
सड़क बनाने में एफडीआर तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। इस तकनीक से सड़कों को बनाने में लागत कम आती है और सड़कें ज्यादा मजबूत होंगी। जिंगना से दौलतपुर मार्ग पर काम शुरू करा दिया गया है। इसके बनने में छह महीने का वक्त लग सकता है।
- नूर आलम, अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग