तीन जगहों पर फॉल्ट, बिजली को तरसे लोग
लखनऊ। राजधानी के तीन जगहों पर शनिवार को फॉल्ट उत्पन्न होने से दो लाख की आबादी बिजली को तरस गई। सबसे ज्यादा परेशानी रेजीडेंसी उपकेंद्र इलाकों के उपभोक्ताओं को करीब डेढ़ घंटे तक हुई। इसी प्रकार अहिबरनपुर, प्रियदर्शिनी उपकेंद्र के उपभोक्ता भी 30 से 40 मिनट बिजली संकट की चपेट में रहे।
रेजीडेंसी में 33 केवी नींबू पार्क व हनुमान सेतु लाइन में एक साथ फॉल्ट आ गई। दुबग्गा में ओल्ड दुबग्गा के फीडर में धमाका होने से 40 मिनट तक 1,200 परिवार बिजली को तरसे। इसी प्रकार अहिबरनपुर एवं प्रियदर्शिनी उपकेंद्र की बिजली अपराह्न 3:30 से 4 बजे तक पूरी तरह से ठप रही, जिससे 25 हजार उपभोक्ता परेशान रहे। वहीं, फैजुल्लागंज के कृष्णालोक कॉलोनी में एबीसी जलने से दो घंटे बिजली ठप रही।