रायबरेली। जम्मू तवी से पटना जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस के एसी कोच में बृहस्पतिवार को गड़बड़ी से ट्रेन एक घंटे तक रोकी गई। ट्रेन के एक कोच में एसी काम नहीं कर रहा था। विद्युत संबंधी गड़बड़ी पाई गई। इसीलिए ट्रेन को रोककर खराबी दूर की गई, जिससे एसी काम करने लगा।
अर्चना एक्सप्रेस महज पांच मिनट की देरी से शहर के रेलवे स्टेशन रायबरेली पहुंची, लेकिन करीब एक घंटे तक खड़ी रहने से लेटलतीफी बढ़ गई। यात्रियों को काफी परेशानी हुई। गर्मी और उमस ज्यादा होने के कारण अधिकतर यात्री प्लेटफार्म पर इधर-उधर टहल कर समय बिताते रहे। रेलवे के विद्युत अभियंता एसएम मीणा ने बताया कि अर्चना एक्सप्रेस में एसी कोच संख्या बी-2 में एसी फेल्योर था। एसी काम न करने की जानकारी मिली थी। ब्लॉक लेकर कोच की छत से यूनिट खोलकर एसी ठीक की गई। इस वजह से करीब 55 मिनट ट्रेन खड़ी रही।
ट्रेनों की लेटलतीफी से जूझते रहे यात्री
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों की लेटलतीफी से बृहस्पतिवार को यात्रियों को जूझना पड़ा। आनंद विहार से बनारस जाने वाली स्पेशल ट्रेन पौने तीन घंटे, लखनऊ-प्रयागराज स्पेशल (पैसेंजर ट्रेन) दो घंटे, योग नगरी ऋषिकेश-प्रयागराज एक्सप्रेस सवा घंटे, देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल एक घंटे देर से आई। जोधपुर से वाराणसी जाने वाली मरुधर एक्सप्रेस, लखनऊ से वाराणसी जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल, प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण देर से आईं।