दो बहुओं के आमने-सामने चेयरमैन पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा से ससुर डॉ हरिपाल सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। नवाबगंज नगर पालिका चेयरमैन पद के लिए पूर्व चेयरमैन डॉ हरिपाल सिंह की बड़ी बहू अंजू सिंह पिछले तीन बार से चेयरमैन रहीं हैं।
चौथी बार वह फिर मैदान में हैं। वहीं छोटी बहू अल्पना सिंह भी इस बार चेयरमैन पद के लिए चुनाव मैदान में कूद पड़ीं। अल्पना सिंह इससे पहले सभासद रहीं हैं।
अंजू सिंह व अल्पना सिंह दोनों ने रविवार को तरबगंज तहसील एसडीएम न्यायालय से अपना नामांकन पत्र लेकर जमा करने की तैयारी कर रहीं थी। इसको लेकर डॉ हरिपाल सिंह काफी परेशान थे और दोनों के बीच समझौता कराने के लिए प्रयासरत थे। लेकिन दोनों में से कोई भी मानने को तैयार नहीं था।
इसका सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर पाए और रविवार की दोपहर जब दोनो बहुएं पर्चा नामांकन पत्र लेने गई थीं, ससुर डॉ हरिपाल सिंह की मौत हो गई।
बताते चलें कि डॉ हरिपाल सिंह वर्ष 1977 में चेयर मैन बने थे और दो साल तक रहे। इसके बाद वह 1995 में चेयरमैन बने। इसके बाद उनकी बड़ी बहू अंजू सिंह लगातार तीन बार चेयरमैन रहीं।