लखनऊ। दामाद अमित कुमार को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी ससुर ननकउ को एडीजे निरंजन कुमार ने साक्ष्यों के अभाव में बरी क दिया। कोर्ट ने आरोपी को बरी करते हुए कहा कि अभियोजन ने जो सबूत कोर्ट में दिए उससे यह साबित नहीं होता कि आरोपी ने मृतक को आत्महत्या के लिए उकसाया हो या षड्यंत्र किया हो।
विज्ञापन
अभियोजन के अनुसार वादी राम शंकर ने पांच जून 2010 को नगराम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एफआईआर के मुताबिक वादी के लड़के अमित कुमार का विवाह 29 अप्रैल 2009 को अंशु से हुआ था। विवाह के बाद से ही पति पत्नी में विवाद होता रहता था। कहा गया कि 28 मई 2010 को अंशु घर में रखे एक लाख रुपये के जेवरात चोरी करके मायके चली गई थी। इसके बाद अंशु ने अमित से वापस ससुराल आने की इच्छा जताई। इस पर अमित चार जून को अंशु को लेने उसके घर गया। आरोप था कि वहां अंशु, अंशु के माता पिता, छोटी बहन, चाचा, चचेरे भाई और बाबा हरि प्रसाद ने पूर्व प्रधान जगदीश प्रसाद के इशारे पर अमित को पीट दिया और पेट्रोल डालकर उसको जला कर मार डाला। पुलिस ने विवेचना के बाद अन्य आरोपियों को क्लीन चिट दे दी थी और ससुर ननकऊ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों में चार्जशीट दायर की थी।