लखनऊ। गोमतीनगर इलाके में 20 वर्षीय युवती ने अपने सौतेले पिता पर छह साल की उम्र से शारीरिक शोषण और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि उसने मां से शिकायत की तो उन्होंने चुप रहने का दबाव बनाया। पिता और मां की हरकतों से परेशान होकर युवती ने मंगलवार को गोमतीनगर विस्तार थाने में दुष्कर्म, गर्भपात, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।
युवती के अनुसार, जब वह छह साल की थी, तब उसकी मां ने अपने पहले पति से तलाक लेकर एक तलाकशुदा व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली थी। आरोप है कि छह साल की उम्र से ही सौतेले पिता उसका शारीरिक शोषण करते थे। जब वह 12 साल की हुई तो सौतेले पिता ने पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने मां बताया तो मां ने पिता के खिलाफ कोई कार्रवाई करने के बजाय उसे ही चुप करा दिया। युवती का आरोप है कि जब वह 16 साल की थी तो पिता और मां ने उसका निकाह करा दिया और कुछ ही सप्ताह बाद उसका तलाक भी करा दिया। एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि युवती की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही उसके मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने पारिवारिक विवाद बताकर दबाया था मामला
युवती का आरोप है कि वर्ष 2023 में उसने पिता और मां के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी। नाबालिग होने की वजह से पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए कार्रवाई नहीं की और उसे मां के साथ भेज दिया।
अपनी मर्जी से शादी की तो पति पर बनाया धर्मांतरण का दबाव
युवती के अनुसार, वर्ष 2024 में उसने महोबा निवासी एक युवक से शादी कर ली। गर्भवती होने पर युवती की मां ने उसके पति पर धर्मांतरण का दबाव बनाया और युवती को बहाने से घर बुला लिया। घर आने के बाद मां ने उसका गर्भपात करा दिया। जानकारी होने पर युवती के पति ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी।
एफआईआर दर्ज कराने के बाद घर से निकालने का आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि बुधवार को वह काम से बाहर गई थी। वापस लौटने पर पिता और मां ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और ताला लगा दिया। उसने पुलिस से मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस ने किसी तरह युवती को घर में रहने के लिए एक कमरा दिलाया।