राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर थाना इलाके में 11 दिसंबर को हुए हादसे में घायल बाराबंकी के देवा निवासी सलीम की बुधवार रात को मौत हो गई। इससे पहले हादसे के दिन ही उनके छह साल के मासूम बेटे हमजा की मौत हो गई थी। जबकि, उनकी पत्नी व बेटा अल्तमश घायल हुए थे।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि सलीम खेती-किसानी करते थे। कुछ दिन पहले वह पत्नी व दो बेटों के साथ साढू के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने चंदन गांव आए थे। 11 दिसंबर को वह सभी लोग एक बाइक से लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे बजरंग चौराहे पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बाइक की टक्कर हो गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक में बैठा हमजा छिटककर दूर जा गिरा। सिर फटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक्टर को पुलिस के कब्जे में लिया
वहीं हेलमेट न पहने होने के कारण सलीम के सिर पर भी गहरी चोट आ गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। घायल सलीम की बुधवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी पत्नी व बेटे अल्तमश का इलाज चल रहा है। सलीम के परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज है। ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।