समेसी के सामुदायिक मिलन केंद्र पर धरना देते किसान।
नगराम। किसानों की समस्याओं का निराकरण न होने पर राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन की ओर से बृहस्पतिवार को समेसी के सामुदायिक मिलन केंद्र पर धरना दिया गया। अधिकारियों के आश्वासन पर शाम पांच बजे किसानों ने धरना समाप्त किया।
राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन के मंडल महामंत्री हरिपाल वर्मा ने बताया कि लोकनिर्माण विभाग खंड 2 लखनऊ के सहायक अभियंता सूर्य मणि मिश्र धरना स्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने समेसी कस्बे के बदहाल गलियारे में सीसी रोड बनवाने व कस्बा नगराम के पास गंगागंज-नगराम मार्ग के एक किमी हिस्से में अधूरी पड़ी सड़क को नवंबर माह में बनवाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा हुसेनाबाद मार्ग पर उगी झाड़ियों की अविलंब सफाई कराने की जानकारी दी। महिला नायब तहसीलदार वसुंधरा धरना स्थल पर पहुंची, जहां किसानों से करीब दो घंटे वार्ता हुई। धरने पर बैठे किसान जमीन की पैमाइश, बंटवारा, बेदखली जैसी समस्याओं के निराकरण व सिरौना ड्रेन की सिल्ट सफाई के लिए मौके पर चकबंदी आयुक्त व सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे। मालूम को कि किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए दो सप्ताह पहले जिम्मेदार अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया था। धरने में मुख्य रूप से मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र यादव, मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, जिला अध्यक्ष प्रमोद यादव, जिला महामंत्री रामसिंह, ब्लाक अध्यक्ष दिनेश कुमार, राकेश कुमार बब्लू, साहब दीन आदि संगठन के कार्यकर्ता धरने में शामिल रहे।