प्रदर्शन करते प्रबंधनगर योजना के किसान।
लखनऊ। प्रबंध नगर योजना में जमीन की रजिस्ट्री पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) अराजनीतिक के बैनर तले किसानों ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। उनकी एलडीए अधिकारियों से तीखी झड़प भी हुई। अफसरों ने किसी तरह समझाकर धरना खत्म कराया।
एलडीए की यह योजना कानूनी विवाद के कारण 15 साल से विवाद में फंसी है। इस वजह से प्राधिकरण योजना नहीं ला पाया है। वहीं, करीब सात वर्षों से रजिस्ट्री पर पूरी तरह से रोक लग जाने से किसान अपनी जमीन बेच भी नहीं पा रहे हैं। उनकी ओर से लगातार यह रोक हटाने की मांग की जा रही है।
करीब एक साल से एलडीए फिर योजना को शुरू करने का प्रयास कर रहा है। इसके बाद किसान संगठन भी सक्रिय हुए हैं। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि एलडीए ने रोक नहीं हटाई तो वे मुख्यमंत्री आवास के लिए मार्च करेंगे। एलडीए की जोनल अफसर वंदना पांडेय मौके पर गईं, लेकिन किसान नहीं माने। इसके बाद पहुंचे एलडीए अफसर अजीत सिंह ने किसानों को समझाया कि कानूनी विवाद के कारण वे खुद अनुमति नहीं दे सकते है। इस पर किसानों ने कहा कि कानूनी विवाद बाहरी लोगों ने किया है। इस पर यह बात हुई कि यदि किसान मुकदमे वापस लें तो एलडीए इस बारे में शासन को प्रस्ताव भेजेगा।