संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। यूरिया की मांग बढ़ने और वितरण में हो रही लेटलतीफी से नाराज किसानों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। जलालपुर में किसानों ने यूरिया न मिलने पर सड़क जाम कर नारेबाजी की, जबकि कटेहरी के अशरफपुर बरवां में हालात इतने बिगड़े कि पुलिस को तैनात करना पड़ा।
कई समितियों पर किसान सुबह से लाइन में खड़े रहे, लेकिन वितरण में देरी और कथित भेदभाव ने आक्रोश को और बढ़ा दिया। 30 किलोमीटर दूर से पहुंचे किसान भी मायूस होकर लौटे। सचिवों पर चहेतों को प्राथमिकता देने के आरोप लगे, तो कहीं किसानों को एक की जगह सात बोरी खाद की जरूरत के बावजूद सिर्फ एक बोरी दी गई।
g नहीं पहुंचे सचिव तो हुआ हंगामा : सहकारी समिति अशरफपुर मजगवां जलालपुर के बाहर सुबह पांच बजे से किसान कतार में लगे थे। सुबह से कतार में खड़े किसानों का सब्र सुबह नौ बजे तक सचिव के न पहुंचने पर टूट गया। किसानों ने जलालपुर-बसखारी मार्ग अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया। एडीओ कोऑपरेटिव की फटकार के बाद खाद का वितरण शुरू कराया गया।
g पुलिस भी नजर आई बेबस : विकास खंड कटेहरी के अशरफपुर बरवां साधन सहकारी समिति पर कड़ी धूप के बीच खाद के लिए पुरुषों के साथ ही घरों की महिलाएं भी नजर आईं। महिलाएं अपनी पर्ची कटाने के लिए धक्का मुक्की करती रहीं। हालात बिगड़ने लगे तो पुलिस मौके पर बुलानी पड़ीं। भीड़ पर पुलिस की डांट फटकार का कोई असर नहीं पड़ा। टीकम पारा पियारेपुर के किसान हरीश खान, खेवार के किसान धमेंद्र सिंह ने बताया कि रसूखदारों को खाद का वितरण किया जा रहा है।
g पर्ची कटाने में हो गई दोपहर : कटेहरी ब्लॉक के अन्नावा समिति पर कटेहरी के साथ महरुआ क्षेत्र के भी किसान खाद लेने पहुंचे। बावजूद इसके यहां से खाली हाथ ही लौटना पड़ा।