बलरामपुर। मौसम की बेरुखी से अन्नदाताओं को अब चिंता सताने लगी है। बारिश न होने से किसानों को धान की रोपाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अन्य फसलों के बोआई का मौसम भी पिछड़ने लगा है। असिंचित इलाकों के नहरों व तालाबों में पानी की जगह धूल उड़ रही है। असिंचित इलाकों के किसानों ने नहरों व तालाबों में पानी भरवाए जाने की मांग की है जिससे धान की रोपाई के साथ-साथ अन्य फसलों के बोआई करने में पानी के संकट से न गुजरना पड़े।
किसान कुंवर आनंद प्रताप सिंह, राजाराम, मंशाराम, कृपाशंकर, शिवकुमार, बलदेव व मोतीलाल आदि का कहना है कि जुलाई माह का आगाज हो चुका है। आसमान से पानी की बूंद भी नहीं गिर रही है। मौसम की बेरुखी से अब चिंता सताने लगी है। बारिश न होने से धान की रोपाई भी पिछड़ रही है। असिंचित क्षेत्रों में स्थिति बिगड़ रही है।
जिले के चार ब्लॉकों में पानी की समस्या सबसे अधिक है। हार्ड ऐरिया होने के चलते हरैया सतघरवा, तुलसीपुर, गैसड़ी व पचपेड़वा के नहरों व तालाबों में पानी की जगह धूल उड़ रही है। असिंचित इलाकों के नहरों व तालाबों में किसानों ने प्रशासन से पानी भरवाए जाने की मांग की है जिससे हार्ड ऐरिया वाले क्षेत्रों में धान की रोपाई व अन्य फसलों के बोआई का समय से इंतजाम किया जा सके।
डीएम कृष्णा करुणेश ने संबंधित विभागों के अफसरों को निर्देश दिया है कि हार्ड ऐरिया वाले क्षेत्रों के नहरों व तालाबों में पानी भरवाने का इंतजाम लगातार किए जाएं जिससे किसानों को कोई दिक्कत न हो।