योगी आदित्यनाथ सरकार की सख्ती और उससे आमजन को मिली राहत की खबर अमेरिका तक पहुंच गई है। अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों ने सोमवार को राजधानी पहुंचकर जहां आम लोगों से योगी सरकार के कामकाज पर बात की, वहीं भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक से सरकार के 15 दिन के प्रमुख निर्णयों, उनसे जनता पर पड़े प्रभाव सहित सरकार की अन्य योजनाओं पर चर्चा की।
अमेरिकी दूतावास के नॉर्थ इंडियन कोऑर्डिनेटर ब्रांडेन यंग और सांस्कृतिक मामलों के विशेषज्ञ रोबिन बंसल ने सोमवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक से मुलाकात की।
उन्होंने एंटी रोमियो स्क्वॉयड बनाने, अवैध स्लॉटर हाउस के खिलाफ अभियान, महिला सशक्तीकरण, महिला सुरक्षा, रोजगार, विकास और योगी सरकार के भावी कार्यों पर बात की। ब्रांडेन यंग ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में कई लड़कियों से महिला सुरक्षा पर फीडबैक लिया और लड़कियों ने उन्हें बताया कि प्रदेश में अब सुरक्षा का वातावरण बना है।
बहुमत से बनी सरकार, सर्वमत से चलेगी
पाठक ने अमेरिकी अधिकारियों को योगी सरकार की कार्ययोजना बताते हुए कहा, यह सरकार बहुमत से बनी है लेकिन चलेगी सर्वमत से।
इस सरकार ने पुलिस पर बना राजनीतिक दबाव समाप्त किया और उसी पुलिस से अब सुरक्षा का माहौल बना है। बूचड़खानों को बंद करने पर कहा कि सिर्फ अवैध स्लाटर हाउस ही बंद कराए जा रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री ने कहा, भाजपा ने संकल्प पत्र में जो भी वादे किए थे योगी सरकार उसी के आधार पर फैसले कर रही है। भाजपा ने रोजगार के अवसर सृजित करने की बात कही है।
महिलाओं का स्किल डेवलपमेंट कर बनाएंगे रोजगार के लायक
प्रदेश महामंत्री ने बताया, महिलाओं और युवाओं को स्टार्ट अप और स्किल डवलपमेंट से रोजगार के लायक बनाया जाएगा। कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार सख्ती बरत रही है।
उन्होंने कहा, सरकार सबका साथ-सबका विकास के नारे के तहत सभी जाति व धर्मों को साथ लेकर चल रही है।
बहन-बेटियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उप्र को उद्योग व शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाना और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना योगी सरकार का एजेंडा है।
पाठक ने अमेरिकी दल को बताया कि सबसे बड़ी चुनौती बेहतर वातावरण निर्माण की है। सरकार भयमुक्त व अपराधमुक्त माहौल बनाने में जुटी है।