फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संघ के नाम पर 'नया भारतीय संविधान' वायरल, भ्रामक व आपत्तिजनक सामग्री की भरमार, केस दर्ज

Fri, 17 Jan 2020 01:05 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
ये पोस्ट हो रही वायरल। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कुछ शरारती तत्वों ने सोशल मीडिया पर संघ प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीर लगाकर 16 पेज का एक फर्जी पोस्ट वायरल कर दिया। ‘नया भारतीय संविधान’ नाम देकर जो फर्जी पोस्ट वायरल किया गया है, उसमें कई भ्रामक व आपत्तिजनक सामग्री डाली गई है।

विज्ञापन


बृहस्पतिवार को इस मामले में उन्नाव के जिला संघ चालक व गोमतीनगर के नगर कार्यवाह ने अलग-अलग हजरतगंज व गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। साइबर क्राइम सेल की मदद से भ्रामक पोस्ट वायरल करने वाले की तलाश की जा रही है।

गोमती नगर के विवेक खंड निवासी नगर कार्यवाह तुलाराम ने शिकायत में कहा है कि इस फर्जी संदेश के जरिए सामाजिक फूट डालने से संबंधित विरोधी तत्वों को शामिल किया गया हैं।

विज्ञापन

'विद्वेषपूर्ण भाव से भारतीय संविधान की संप्रभुता को चुनौती दी गई'

उन्नाव के पीतांबर नगर निवासी लालता प्रसाद आरएसएस के जिला संघ चालक है। उनके मुताबिक वह निजी काम से हजरतगंज आये थे। उसी समय उनको जानकारी मिली की कुछ शरारती तत्व सोशल मीडिया पर ‘नया भारतीय संविधान’ के नाम से 16 पन्ने का आपत्तिजनक संदेश प्रसारित कर रहे हैं। इसमें प्रथम पेज पर संघ प्रमुख मोहन भागवत की फोटो है। उन्होंने तुरंत लखनऊ कार्यालय पर संपर्क कर जानकारी ली। साथ ही इसे संघ के जिम्मेदारों के मोबाइल नंबर पर भेजा गया।

इस पर वहां से पुष्टि की गई कि यह दुष्प्रचार है। सोशल मीडिया पर विद्वेषपूर्ण भाव से भारतीय संविधान की संप्रभुता को चुनौती दी गई है। भारतीय संविधान में अविश्वास को दुष्प्रचारित किया गया है, ताकि समाज, जाति, वर्ण और धर्म के अनुसार लोगों में विभेद पैदा किया जा सके।

इस संदेश पत्र के प्रसारित करने का उद्देश्य सिर्फ संघ और प्रमुख मोहन भागवत के प्रति दुर्भाव पैदा करना और छवि धूमिल करना है। सोशल मीडिया के जरिए संघ प्रमुख व नागपुर स्थित कार्यालय का दुर्भावनापूर्ण उद्देश्य से दुरुपयोग किया गया है। इस तरह के संदेश प्रसारित करने का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और शांति के साथ खिलवाड़ करना है।
विज्ञापन

संघ के वरिष्ठ अधिकारी ने किया इनकार

लालता प्रसाद के मुताबिक भारतीय भवन में संघ के वरिष्ठ अधिकारी प्रशांत भाटिया ने उन्हें बताया कि इस तरह का कोई संदेश संघ की ओर से न तो बनाया गया और न ही प्रसारित किया गया है। इसे भारतीय संविधान का अपमान करने तथा भारतीय सामाजिक संरचना को बिगाड़ने के लिए राष्ट्र विरोधी तत्वों ने तैयार किया है।

हजरतगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप कुशवाहा ने बताया कि जिला संघचालक लालता प्रसाद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उधर, इसी मामले में गोमती नगर के विवेक खंड के संघ कार्यवाह तुलाराम ने भी गोमती नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर अमित कुमार दुबे के मुताबिक आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें