रायबरेली। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से सलोन तहसील क्षेत्र में छापामारी में तीन उपभोक्ताओं के यहां फर्जी मीटर लगे पाए गए, जबकि 17 उपभोक्ताओं के यहां स्वीकृत भार से अधिक लोड पाया गया। इनका लोड बढ़ाया गया। दो उपभोक्ताओं के यहां मीटर में छेड़छाड़ पाई गई। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
विद्युत मंडल द्वितीय के अधीक्षण अभियंता रामकुमार और सलोन के एक्सईएन दिलीप कुमार, टेस्ट डिवीजन के एक्सईएन धर्मराज ने सलोन क्षेत्र में 83 उपभोक्ताओं के यहां छापामारी की। चेकिंग के दौरान उपभोक्ता वारिस अली निवासी चौधराना, घनश्याम कौशल निवासी मेनरोड सलोन के परिसर में लगे मीटर से छेड़छाड़ पाई गई। 17 उपभोक्ताओं के घर स्वीकृत भार से अधिक लोड पाया गया। 10 खराब मीटरों बदले गए।
एक उपभोक्ता के मीटर में 4000 यूनिट रीडिंग स्टोर पाई गई। उपभोक्ता तसलीम तौकीद, मसूद अहमद, मुख्तार अहमद निवासी नयागंज घर में अवैध मीटर लगा मिला। यह मीटर विभाग में लिखापढ़ी में नहीं पाया गया। फर्जी मीटर स्थापित कराने और अफसरों को गुमराह करने में मीटर रीडर अखिलेश कुमार संलिप्त पाए गए। अधीक्षण अभियंता ने इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर बिलिंग कार्यों से निष्कासित करने के निर्देश दिए गए।
बिलिंग एजेंसी में सुपरवाइजर को हर मीटर की कार्यशैली एवं उनके द्वारा बनाए गए बिलिंग की जांच करनी होती है। इसके बावजूद क्रास चेकिंग नहीं हो रही है। इसके पहले 12 मई को दो मीटर रीडरों की मनमानी पकड़ी गई। हर बार मीटर रीडरों के खिलाफ कार्रवाई करके अभियंता खानापूरी कर लेते हैं। विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि मनमानी की वजह से सुपरवाइजर को छतोह से हटाकर सलोन भेजा गया, जहां पर से खेल शुरू कर दिया गया। जाहिर है कि कहीं न कहीं सुपरवाइजरों को न हटाना अभियंताओं से मिलीभगत का नतीजा है।