लखनऊ के गोमतीनगर में एक रेस्टोरेंट संचालक ने 50 हजार रुपये मांग रहे फर्जी आयकर अधिकारी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। संविदा पर पैनकार्ड वितरण का काम करने वाला युवक एक महिला के साथ रेस्टोरेंट पर पहुंचा था। उसके कब्जे से आयकर निरीक्षक का परिचय पत्र बरामद हुआ।
प्रभारी निरीक्षक रामसूरत सोनकर ने बताया कि विवेक खंड निवासी नीतीश पांडेय के बाटी-चोखा रेस्टोरेंट पर महिला के साथ पहुंचे बड़ी जुगौली निवासी संतोष कुमार ने खुद को आयकर अधिकारी बताया और 50 हजार रुपये मांगे। प्रबंधक ने नीतीश को सूचना दी, उन्होंने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
इस बीच महिला भाग निकली। संतोष ने बताया कि वह संविदा पर पैनकार्ड वितरण का काम करता है। उसके कब्जे से आयकर निरीक्षक श्री वर्धन का परिचय पत्र बरामद हुआ। पकड़े जाने पर उसने कहा कि वह बिल में छूट के लिए कह रहा था।