लखनऊ। केजीएमयू में धर्मांतरण रैकेट की आशंका में गिरफ्तार फर्जी डॉक्टर हस्साम अहमद को कुछ संगठन मदद पहुंचाते थे। 12वीं पास आरोपी ठाठ-बाट से रहता था। हस्साम को देखकर कोई यह नहीं कह सकता था कि वह डॉक्टर नहीं है। आरोपी के पास इतने पैसे कहां से आए, इस बारे में खुफिया एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
सूत्रों का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हस्साम को विदेशों से फंडिंग आती थी। इस आशंका को देखते हुए आरोपी के आय के श्रोतों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड से यौन शोषण के आरोपी जेल में बंद डॉ. रमीज से कनेक्शन भी खंगाले हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस ने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। आरोपी जिस कार्डियो सेवा फाउंडेशन के जरिये छात्राओं को अपने झांसे में लेता था, उसके संचालकों का भी पता लगाया जा रहा है। फाउंडेशन से कौन लोग जुड़े थे और इसका वास्तविक मदसद क्या था, इसके बारे में एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस को आरोपी के एक लैपटाॅप की तलाश है, जिसमें सारे डेटा सुरक्षित हैं।
छानबीन में पता चला है कि कार्डियो सेवा फाउंडेशन के खाते में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए गए थे। यह रकम कहां से और किन लोगों ने भेजी थी, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस बैंक से पत्राचार कर पैसे भेजने वालों की सूची मांगेगी। इसके बाद ही फंडिंग करने वाले लोगों का पता चल सकेगा। सभी को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए भी बुलाया जाएगा।
विज्ञापन
फोरेंसिक जांच से खुलेगा राज
आरोपी के पास से पुलिस को मोबाइल फोन मिला था, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। बताया जा रहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कई राज खुलेंगे। आरोपी ने गिरफ्तार होने से पहले डेटा तो नहीं मिटाया था, इस दिशा में छानबीन की जा रही है। पूछताछ में धर्मांतरण गिरोह से जुड़े होने से इन्कार कर दिया था। हालांकि, उसने फर्जीवाड़े की बात कबूल की थी।