करंसी चेस्ट से मिले 50 व 100 के 328 नकली नोट, होगी फोरेंसिक जांच
महानगर कोतवाली में भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी अनुपम प्रतीक कुजूर ने करंसी चेस्ट से 50 व 100 रुपये के 328 नकली नोट मिलने की एफआईआर दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर अशोक सिंह का कहना है कि नकली नोट विभिन्न बैंकों के हैं जिन्हें करंसी चेस्ट में जमा कराया गया था।
जांच के दौरान नकली नोटों का पता चला जिसके बाद केस दर्ज कराया गया। नकली नोट करंसी चेस्ट में किस बैंक से आए और कब जमा किए गए थे? इस बारे में पड़ताल की जा रही है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि गत माह करंसी चेस्ट में नोटों की जांच में 50 रुपये के छह व 100 रुपये के 322 नोट के रूप में 32,500 रुपये की नकली करंसी पाई गई थी।
हालांकि, यह पता नहीं लग सका है कि किस बैंक से कितने नकली नोट करंसी चेस्ट में आए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारियों ने नोटों की फोरेंसिक जांच कराने की बात कही है।
इससे पहले भी करंसी चेस्ट में नोटों की जांच में बड़ी संख्या में नकली नोट पाए गए हैं जिसका केस दर्ज कर जांच की जा रही है।