एकेटीयू के नाम से इंस्टाग्राम पर बनाया फर्जी अकाउंट
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के नाम से इंस्टाग्राम पर कुछ लोगों द्वारा फर्जी अकाउंट बनाकर चलाया जा रहा था। इसकी शिकायत मिलने पर विवि प्रशासन ने इसकी जांच की। मामला सही पाए जाने पर साइबर सेल में शिकायत पत्र भेजा है।
एकेटीयू से संबद्ध प्रदेश में 750 से अधिक कॉलेज और ढाई लाख से ज्यादा छात्र हैं। चूंकि ये कॉलेज प्रदेश भर में हैं। ऐसे में काफी छात्र अपने छोटे-छोटे काम के लिए विश्वविद्यालय नहीं पहुंच पाते हैं। इसका फायदा उठाते हुए कई सोशल मीडिया अकाउंट एकेटीयू के नाम से चल रहे हैं। विवि प्रशासन के संज्ञान में ऐसा ही एक अकाउंट इंस्टाग्राम पर चलाने की जानकारी मिली। इसका विवि से कोई लेना-देना नहीं है। इसमें छात्रों के परीक्षा नंबर ठीक कराने आदि की जानकारी साझा की गई थी।
एकेटीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया ने बताया कि किसी व्यक्ति से मिली जानकारी पर जांच कराई गई तो सही पाया गया कि यह फर्जी अकाउंट है। इसका विवि से कोई लेना-देना नहीं है। साइबर क्राइम सेल ने इसकी जांच शुरू कर दी है।