जीपीओ में बृहस्पतिवार को उमड़ी भीड़।
लखनऊ। मुख्य डाकघर (जीपीओ) में बृहस्पतिवार को सर्वर दिनभर सुस्त रहा। इस कारण पार्सल, स्पीड पोस्ट व अन्य सभी सुविधाएं प्रभावित रहीं। इससे सबसे ज्यादा वे बहनें परेशानी दिखीं, जिन्हें भाइयों के लिए राखी भेजनी थी।
एक से चार अगस्त तक एडवांस पोस्ट टेक्नोलॉजी 2.0 (आईटी 2.0) का सॉफ्टवेयर अपडेट किए जाने से डाक सेवाएं प्रभावित रहीं। लोगों ने बताया कि नेटवर्क सही से न चलने से बेहद धीमी गति से काम हुआा। एक-एक स्पीड पोस्ट में काफी समय लगा।
रक्षाबंधन के कारण जीपीओ में आम दिनों के मुकाबले भीड़ ज्यादा दिखी। हालांकि, इन्हें व्यवस्थित करने के इंतजाम नहीं थे। दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए अलग से कतार नहीं थी। काउंटर भी कम थे। सिस्टम के अपडेटेशन और नेटवर्क समस्या पर कर्मचारियों ने लाचारी जताई। उधर, अफसर इस मामले पर कुछ भी बोलने से बचते रहे।
पांच दिन से भटक रहे व्यापारी
डाकघरों में सर्वर ठप होने से पांच दिनों से स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री व खातों से जुड़ी सेवाएं ठप हैं। इससे व्यापारी परेशान हैं। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल लखनऊ इकाई के महामंत्री योगेंद्र सिंह ने बताया कि कई जरूरी काम लेट हो रहे हैं। राखी भेजने के लिए महिलाओं को पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। ऑफिस का स्टाफ डाकखानों के चक्कर लगाकर लिफाफा वापस ले आता है।