लखनऊ। साफ-सुथरी बेडशीट हो, जो खोलने पर महक उठे। शौचालयों में हैंडवॉश हो और पानी की किल्लत न हो। बोगियों में गंदगी न हो और स्टेशनों पर खुशबूदार फूलों वाले पौधे लगाए जाएं। यात्रियों के ऐसे ही फीडबैक पर पूर्वोत्तर रेलवे सुविधाएं बढ़ाएगा। फीडबैक फॉर्म के जरिए पैसेंजरों से सुविधाओं के बारे में पूछा जा रहा है। जनसम्पर्क अधिकारी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया जा रहा है। यह दो अक्तूबर तक चलेगा। इसके तहत फीडबैक फॉर्म बनाया गया है। इसमें पैसेंजरों से तीन श्रेणी में फीडबैक मांगे गए हैं। अच्छा, संतोषजनक या असंतोषजनक। यात्रियों को अपनी यात्रा की डिटेल देनी होगी, जिसमें ट्रेन नंबर, पीएनआर, श्रेणी, बोगी संख्या, मोबाइल नंबर, यात्रा विवरण वगैरह देना होगा, ताकि उनके फीडबैक पर क्या एक्शन लिया गया है कि जानकारी उन्हें दी जा सके।