लखनऊ। चारबाग स्थित होटल दयाल इन में 20 अगस्त की रात कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उन्होंने होटल प्रबंधक आयुष मिश्र से रंगदारी मांगी। विरोध करने पर आरोपियों ने होटल में तोड़फोड़ की। आयुष ने नाका थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
आयुष मिश्र के अनुसार, वह होटल में बीते छह महीने से कार्यरत हैं। रात करीब 11:30 बजे 15 से 20 लोग होटल पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मालिक के बारे में पूछा। आरोपियों ने कहा कि वे नाका के रहने वाले हैं और उनकी मर्जी के बिना चारबाग में कोई होटल नहीं चल सकता। आरोपियों ने तुरंत 50 हजार रुपये और हर महीने 20 हजार रुपये देने की मांग की। जब उन्होंने मालिक को फोन करने की कोशिश की तो वे भड़क गए। उन्होंने स्वागत कक्ष पर लगा लैंडलाइन फोन और काउंटर तोड़ दिया। आरोपियों ने दो वेटर को भी जबरन अपने साथ ले लिया और उनकी जेब से 2200 रुपये लूट लिए। स्थानीय व्यापारियों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
आयुष ने बताया कि आरोपी आए दिन ऐसी घटनाएं करते हैं। उनके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हुए हैं। एसीपी नवरत्न गौतम के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।